Next Story
Newszop

वाह री हरियाणा पुलिस! जमानत किसी और को मिली थी, जेल से दूसरे कैदी को कर दिया रिहा

Send Push
बल्लभगढ़: फरीदाबाद के नीमका जेल में कैदी को रिहा करने का एक अनूठा मामला सामने आया है। जमानत किसी और कैदी को मिली और उसे अपना बताकर 4 साल से जेल में बंद दूसरा कैदी जेल से बाहर आ गया। वह पॉक्सो एक्ट में बंद था। जेल प्रशासन इससे अनजान रहा। कैदियों के नाम एक जैसे और पिता के नाम की समानता ने ऐसा धोखा दिया कि असली जमानत पाने वाला जेल में रह गया, जबकि गंभीर धाराओं में बंद आरोपी फरार हो गया।





पुलिस ने दर्ज किया मामला

अब सदर बल्लभगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कैदी पटना जिले का रहने वाला नीतिश कुमार पांडे है। उसके पिता का नाम रविंद्र है। वह राजीव कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। 25 मई को ओल्ड फरीदाबाद के शास्त्री कॉलोनी निवासी नितेश कुमार (पिता-रविंद्र) को मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 26 मई को उसे अदालत से जमानत मिल गई। इस दौरान, जेल में पॉक्सो ऐक्ट में बंद उससे मिलता-जुलता नाम वाला दूसरा आरोपी नीतिश कुमार पांडे जेल अधिकारियों को झांसा देकर जमानत पर रिहा होने में सफल रहा।





जानें- कैसे खुला ये राज

कैदी 26 मई को जेल से बाहर होने के बाद फरार हो गया। 27 मई को ओल्ड फरीदाबाद निवासी नितेश कुमार के परिवारवाले जेल पहुंचे और उसकी रिहाई के बारे में पूछा, तब जेल प्रशासन को गलती का अहसास हुआ। उन्होंने नितेश कुमार को रिहा किया। इसके बाद जेल प्रशासन ने इस मामले की जानकारी पुलिस के बड़े अधिकारियों को दी।

Loving Newspoint? Download the app now