राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को एक समारोह में भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर, लोक गायिका शारदा सिन्हा, नृत्यांगना शोभना चंद्रकुमार, अभिनेता अनंत नाग और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की कुलपति सोनिया नित्यानंद समेत 68 प्रतिष्ठित लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य की उपस्थिति में राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 68 चयनित हस्तियों को पुरस्कार प्रदान किए। इससे पहले गत 28 अप्रैल को पहले सम्मान समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने 71 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से विभूषित किया था। गत 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नागरिक पुरस्कारों- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नामों की घोषणा की गई थी।
मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) खेहर को सार्वजनिक मामलों के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया, जबकि दिवंगत कथक नृत्यांगना कुमुदिनी रजनीकांत लखिया और दिवंगत प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के लिए यह सम्मान क्रमश: लखिया के पोते और सिन्हा के बेटे ने ग्रहण किया।
राष्ट्रपति ने समारोह के दौरान नौ प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म भूषण सम्मान से नवाजा, जिनमें नृत्यांगना और अभिनेत्री शोभना चंद्रकुमार, व्यवसायी नल्ली कुप्पुस्वामी चेट्टी, पुरातत्वविद् कैलाश नाथ दीक्षित, नर्तक जतिन गोस्वामी, अभिनेता अनंत नाग और साध्वी ऋतंभरा शामिल थीं। अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी के लिए यह सम्मान देबरॉय की पत्नी और जोशी के बेटे ने ग्रहण किया।
पद्म श्री सम्मान से नवाजे गए लोगों में प्रमुख प्रतिरक्षा विज्ञानी और केजीएमयू की कुलपति सोनिया नित्यानंद, फुटबॉलर ई मणि विजयन, गायिका अश्विनी भिडे देशपांडे, अभिनेता अशोक लक्ष्मण सराफ, मास्क निर्माता रेबा कांता महंत और संगीतकार रिकी ज्ञान केज शामिल रहे।प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और अभिनय प्रशिक्षक बैरी जॉन, लोक संगीतकार और प्रसिद्ध पराई वादक वेलु आसन, व्यवसायी सज्जन भजनका, डॉ. नीरजा भटला, वैज्ञानिक अजय वी भट्ट, लेखक संत राम देसवाल, आध्यात्मिक नेता आचार्य जोनास मेजेट्टी और फारूक अहमद मीर अन्य पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं में शामिल थे।
ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में दिए जाते हैं। पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है, वहीं पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
You may also like
Liquor Smuggling In Bihar : बिहार पुलिस घोड़े को पकड़कर लाई थाने, हर तरफ हो रही चर्चा, जानिए क्या है पूरा मामला
Retired Justice Says FIR Should Be Lodged On Justice Yashwant Verma: 'कैश जलने के मामले में जस्टिस यशवंत वर्मा पर होनी चाहिए एफआईआर', रिटायर्ड जस्टिस एसएन ढींगरा की राय
Onion cutting technique : अब प्याज काटते समय नहीं आएंगे आंसू, जानिए इसकी दिलचस्प वजह
प्रसूता व नवजात की मौत का मामला, डॉक्टर श्रीवास्तव को डूंगरपुर लगाया
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, सिर के हुए कई टुकड़े