लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सांगोद में सभा के दौरान 92 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। अब तक 1 लाख युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। नई भर्तियों का पूरा कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसमें परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की पूरी जानकारी है। इस कैलेंडर में विभिन्न भर्तियों के लिए 1.88 लाख सरकारी नौकरियां हैं। पांच साल में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने डेढ़ साल के विकास कार्यों को भी गिनाया। बिरला ने कहा कि सरकार कृषि और पशुपालन क्षेत्र में भी काम कर रही है। पशुपालन आत्मनिर्भर बनेगा।
उन्होंने कहा कि पहली बार सरकार ने प्रदेश के उन इलाकों तक पानी पहुंचाया है, जहां आजादी के सात दशक बाद भी पानी नहीं पहुंचा था। ईआरसीपी के जरिए राजस्थान के सभी गांवों को पीने और सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। आने वाले समय में यमुना नदी का पानी असिंचित क्षेत्र तक भी पहुंचेगा। राज्य सरकार हर खेत तक पानी पहुंचाने का भागीरथ कार्य कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सांगोद क्षेत्र के हर खेत को सड़क से जोड़ने के लिए कृतसंकल्पित हैं, जिससे किसानों को सुविधा मिलेगी। सुपोषित मां अभियान का जिक्र करते हुए बिरला ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक आहार और अन्य आवश्यक सहायता दी जा रही है।
यह अभियान केवल मां और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संस्कारवान और स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण का भी प्रयास है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 तक हम हर किसान को दिन में बिजली उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद किसान भी सरकारी कर्मचारी की तरह दिन में 10 से शाम 6 बजे तक काम कर सकेगा। वह सुबह 10 बजे खेत पर जाएगा और शाम को 6 बजे तक वापस आएगा। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत गांवों में किए जा रहे कार्य विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
सांगोद के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: नागर
ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा ने सांगोद को अनेक सौगातें दी हैं। मैं सांगोद की समस्त जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
विकास के लिए 3 हजार 30 करोड़ रुपए का बजट दिया
कोटा के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने कोटा जिले के विकास के लिए 3 हजार 30 करोड़ रुपए का बजट दिया है। इसमें सांगोद विधानसभा क्षेत्र के लिए 400 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है। ऊर्जा मंत्री हमेशा से ही शहरी क्षेत्र के विकास के लिए चिंतित रहे हैं, जब भी मैं उनसे ऊर्जा के बारे में बात करने के लिए फोन करता हूं तो वे सांगोद की बात करते हुए बजट की मांग करते रहते हैं।
विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
लोकसभा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ने परवन नदी पर 26.24 करोड़ रुपए की लागत से बने उच्च स्तरीय पुल व कालीसिंध नदी पर 45 करोड़ रुपए की लागत से बने उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया। साथ ही समग्र शिक्षा अभियान के तहत गांव कनवास में 41.87 करोड़ रुपए की लागत से बने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के नए भवन के निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया। सांगोद में 16.69 करोड़ रुपए की लागत से बिछाई जाने वाली सीवरेज लाइन व ट्रीटमेंट प्लांट का भी शिलान्यास किया। इससे पहले बिरला व मुख्यमंत्री ने कृषि उपज मंडी परिसर में सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
You may also like
साउथ अफ्रीका ने एक पारी और 236 रन से जिम्बाब्वे को हराया दूसरा टेस्ट, मैच में बनाया यह बड़ा रिकॉर्ड
राणा ने दाचीगाम में वन्यजीव संरक्षण विभाग के अधिकारियों को किया सम्मानित
मध्य प्रदेश देश के सबसे तेज़ गति से विकास करने वाले राज्यों में अग्रणी: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मप्र में 5163 करोड़ रुपये की लागत से होगा विद्युत ट्रांसमिशन सिस्टम का सुदृढ़ीकरण
मप्र में बनेगा ट्रांजिट हाउस, फ़्लोटिंग प्लेटफ़ॉर्म और अत्याधुनिक केवट प्रशिक्षण संस्थान